देश का पहला वायु सेना विरासत केंद्र (Country's first Air Force Heritage Center) : डेली करेंट अफेयर्स

चंडीगढ़ के सेक्टर-18 स्थित गवर्नमेंट प्रेस बिल्डिंग में देश का पहला वायु सेना विरासत केंद्र लगभग बनकर तैयार है। जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाने वाला है। बता दें कि भारतीय वायु सेना के गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित करने के लिए वायु सेना का पहला हेरिटेज सेंटर चंडीगढ़ में बनाया गया है। इसमें वायु सेना अपनी लड़ाकू क्षमताओं के अलावा मानवीय सहायता और आपदा राहत के लिए निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को प्रदर्शित करेगी। इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन और भारतीय एयरफोर्स के बीच एक MOU साइन हुआ था।

चंडीगढ़ में बनने वाले इस हेरिटेज सेंटर में भारतीय वायुसेना के विभिन्न पहलुओं को उजागर करने के लिए कलाकृतियों, सिमुलेटर और इंटरेक्टिव बोर्ड शामिल होंगे। यह वायु सेना की लड़ाकू क्षमताओं के अलावा मानवीय सहायता और आपदा राहत के लिए निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को प्रदर्शित करेगा। इसमें विभिन्न पुराने विमान भी होंगे। जो सिमुलेटर इसमें बनाया जाएगा उससे आपको ऐसा एहसास होगा कि जैसे आप वास्तव में विमान में मौजूद हों।

यहां लोग वायु सेना के इतिहास को पढ़ और देख पाएंगे। वायु सेना के अधिकारी गाइड की भूमिका निभाएंगे। लोग युद्ध में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियारों को देख सकेंगे और नजदीक से उनका अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा, यह हेरिटेज सेंटर न केवल विरासत का महत्व होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए गौरव का भी विषय रहेगा। वायुसेना में करियर बनाने के लिए इच्छुक युवाओं को यह हेरिटेज सेंटर प्रेरित करेगा। यानी इस सेंटर का एक उद्देश्य युवाओं को अपने करियर के रूप में भारतीय वायुसेना से जुड़ने के लिए प्रेरित करना भी है। इस हेरिटेज सेंटर की देखरेख चंडीगढ़ प्रशासन करेगा। वहीं, भारतीय वायुसेना हथियार और अन्य उपकरण लगाएगी।