होम > Blog

Blog / 28 Feb 2025

नासा का SPHEREx मिशन

संदर्भ:

हाल ही में नासा ने अपनी नई अंतरिक्ष दूरबीन SPHEREx को सफलतापूर्वक लॉन्च किया, जिसे स्पेसएक्स फॉल्कन 9 रॉकेट के माध्यम से प्रक्षेपित किया गया। यह मिशन दो वर्षों तक संचालित होगा और इसका उद्देश्य वैज्ञानिकों को ब्रह्मांड की उत्पत्ति, आकाशगंगा के विकास तथा मिल्की वे में जीवन के लिए आवश्यक अणुओं की पहचान में सहायता प्रदान करना है।

SPHEREx के मुख्य कार्य:

ब्रह्मांड का विस्तृत रंगीन मानचित्र तैयार करना:

·        SPHEREx, ऑप्टिकल और अवरक्त दोनों प्रकार के प्रकाश का पता लगाकर ब्रह्मांड का एक व्यापक और अत्यधिक विस्तृत मानचित्र तैयार करेगा। यह वैज्ञानिकों को ब्रह्मांड के सुदूर क्षेत्रों का अवलोकन करने, तारों का निर्माण और आकाशगंगा संरचनाओं (Galactic Structures) को समझने तथा समय के साथ आकाशगंगाओं के विकास संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करेगा।

ब्रह्मांडीय विस्तार पर प्रकाश डालना:

·        SPHEREx का एक प्रमुख लक्ष्य ब्रह्मांडीय विस्तार को मापना है, जो लगभग 14 अरब वर्ष पूर्व हुई एक अत्यंत महत्वपूर्ण घटना थी। यह दूरबीन लगभग 450 मिलियन आकाशगंगाओं की त्रिआयामी (3D) स्थिति को मापेगी, जिससे वैज्ञानिकों को ब्रह्मांड के विस्तार और उसके प्रारंभिक विकास को बेहतर ढंग से समझने में सहायता मिलेगी।

 जीवन की खोज के लिए आवश्यक अणुओं की खोज:

·        SPHEREx मिल्की वे आकाशगंगा में पानी और जीवन निर्माण के लिए आवश्यक कार्बनिक अणुओं  की खोज और पहचान पर केंद्रित होगा। यह अध्ययन वैज्ञानिकों को इन अणुओं की एक समग्र जनगणना उपलब्ध कराएगा, जिससे पृथ्वी पर जीवन की उत्पत्ति के रहस्यों को उजागर करने और अन्य ग्रहों पर जीवन की संभावनाओं का मूल्यांकन करने में सहायता मिलेगी।

SPHEREx | Missions | Astrobiology

NASA के अन्य प्रमुख अंतरिक्ष मिशन:

 

1. हबल स्पेस टेलीस्कोप (HST):

प्रक्षेपण तिथि: 24 अप्रैल, 1990

प्रमुख उपलब्धियां:

·        आकाशगंगाओं और नीहारिकाओं (Nebulae) की उच्च गुणवत्ता वाली छवियां प्रदान की, जिससे खगोलविदों को ब्रह्मांड की संरचना और आयु को समझने में सहायता मिली।

·        ब्रह्मांड के तीव्र गति से विस्तार का साक्ष्य प्रदान किया, जिसने डार्क एनर्जी  की खोज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

·        सुपरनोवा और आकाशगंगा समूहों के अवलोकन के माध्यम से ब्रह्मांडीय दूरी पैमाने को समझने में योगदान दिया।

2. जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप (JWST):

प्रक्षेपण तिथि: 25 दिसंबर, 2021

प्रमुख विशेषताएं:

·        अवरक्त अवलोकन क्षमता के कारण, यह हबल की तुलना में अधिक गहराई तक और अधिक प्राचीन ब्रह्मांड का अवलोकन कर सकता है।

·        यह एक्सोप्लैनेट के वायुमंडलीय संघटन का अध्ययन कर जीवन निर्माण से जुड़े अणुओंजैसे जल, ऑक्सीजन और मीथेनका पता लगाएगा।

·        यह उस युग (Epoch of Reionization) का अध्ययन करेगा, जब लगभग 13 अरब वर्ष पूर्व ब्रह्मांड अपारदर्शी से पारदर्शी बना।

निष्कर्ष:

SPHEREx मिशन ब्रह्मांड की हमारी समझ में एक क्रांतिकारी परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है। यह मिशन केवल ब्रह्मांड के विकास की समयरेखा को स्पष्ट करेगा, बल्कि ब्रह्मांडीय विस्तार, आकाशगंगा निर्माण और जीवन की उत्पत्ति जैसी मूलभूत वैज्ञानिक पहेलियों को सुलझाने में भी सहायता करेगा। इस प्रकार, यह मानवता को ब्रह्मांड और उसमें जीवन की संभावनाओं के बारे में उत्तर खोजने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।