सन्दर्भ:
अमेरिकी नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) और इंटरनेशनल कोरल रीफ इनिशिएटिव (ICRI) ने पुष्टि की है कि विश्व, इस समय चौथे वैश्विक कोरल ब्लीचिंग घटना का सामना कर रहा है। यह अब तक की सबसे भीषण ब्लीचिंग घटना मानी जा रही है, जिससे अब तक दुनिया की लगभग 84% प्रवाल भित्तियाँ प्रभावित हो चुकी हैं।
कोरल क्या हैं?
कोरल समुद्री जीव होते हैं, जो निडारिया (Cnidaria) संघ और एन्थोज़ोआ (Anthozoa) वर्ग से संबंधित होते हैं। ये जीव समुद्र के भीतर कुछ सबसे जीवंत, रंग-बिरंगे और जैव विविधता से भरपूर पारिस्थितिकी तंत्र (प्रवाल भित्तियाँ -coral reefs) बनाने के लिए जाने जाते हैं।
- कोरल न तो पौधे होते हैं और न ही पत्थर, बल्कि ये जीवित प्राणी होते हैं।
- प्रत्येक कोरल असंख्य नरम शरीर वाले छोटे-छोटे जीवों (पॉलिप्स’ -Polyps) से मिलकर बना होता है।
- ये पॉलिप्स एक साथ रहते हैं जो कैल्शियम कार्बोनेट (चूना पत्थर) छोड़कर एक कठोर बाहरी ढांचा बनाते हैं, जिसे कोरल की संरचना के रूप में जाना जाता है।
कोरल के प्रकार:
कोरल दो प्रमुख प्रकारों में वर्गीकृत किए जाते हैं:
1. कठोर कोरल (Stony Corals)
- ये कोरल मजबूत कैल्शियम कार्बोनेट की संरचना बनाते हैं।
- यही कोरल प्रवाल भित्तियों के मुख्य निर्माणकर्ता होते हैं।
- उदाहरण: ब्रेन कोरल, एल्कहॉर्न कोरल, स्टैगहॉर्न कोरल।
2. नरम कोरल (Soft Corals)
- ये कठोर ढांचा नहीं बनाते, बल्कि इनका शरीर लचीला और चमड़े जैसा होता है।
- ये समुद्र के भीतर अक्सर पौधों या पेड़ों जैसे दिखाई देते हैं, जैसे सी फैन और सी व्हिप्स।
- भले ही ये खुद प्रवाल भित्तियाँ न बनाएं, लेकिन ये भित्तियों की विविधता और संरचना को समृद्ध बनाते हैं।
कोरल ब्लीचिंग के कारण
कोरल ब्लीचिंग तब होती है जब कोरल किसी तनाव के कारण अपने साथ रहने वाले ज़ोक्सांथेला (zooxanthellae) शैवाल को बाहर निकाल देते हैं। इन शैवालों का मुख्य कार्य कोरल को रंग देना और 90% पोषण प्रदान करना होता है। जब ये शैवाल बाहर निकल जाते हैं, तो कोरल का रंग सफेद हो जाता है, जिससे कोरल कमज़ोर पड़ जाता है और वह मृत हो सकता है।
मुख्य कारण:
1. समुद्र की सतह का तापमान बढ़ना: ग्रीनहाउस गैसों के कारण पिछले 100 वर्षों में समुद्र का तापमान लगभग 1°C बढ़ चुका है।
2. समुद्री हीटवेव: जैसे कि 2020 में गल्फ ऑफ मन्नार में 85% कोरल ब्लीच हो गए थे।
3. एल नीनो प्रभाव: एल नीनो के कारण समुद्र का तापमान असामान्य रूप से बढ़ जाता है, जिससे कोरल को तनाव होता है।
4. महासागरीय धाराओं में बदलाव: तापमान, लवणता और हवाओं में बदलाव से कोरल के आवास पर असर पड़ता है।
5. समुद्र का अम्लीकरण: यह कोरल और शैवाल के आपसी संबंध को नुकसान पहुँचाता है, जिससे कोरल की जीवित रहने की क्षमता प्रभावित होती है।
6. गाद (sedimentation): तटवर्ती प्रदूषण और ट्रालिंग के कारण कोरल के आस-पास धूप कम पहुँचती है, जिससे शैवाल की प्रकाश संश्लेषण क्षमता कमजोर हो जाती है।
अन्य खतरे:
1. विदेशी प्रजातियाँ: जैसे कप्पाफाइकस अल्वारेज़ी (Kappaphycus alvarezii) शैवाल और क्राउन ऑफ़ थोर्न्स (Crown-of-thorns) स्टारफिश कमजोर और तनावग्रस्त प्रवाल भित्तियों पर कब्जा कर लेते हैं, जिससे इनकी स्थिति और खराब हो जाती है।
2. रासायनिक प्रदूषण (Xenobiotics): तांबा, तेल, खरपतवार नाशक आदि कोरल के लिए अत्यधिक हानिकारक होते हैं, जिससे उनकी जीवन क्षमता प्रभावित होती।
3. बीमारियाँ: संक्रमण और महामारी भी एक बड़ा खतरा हैं, जो कोरल ब्लीचिंग को बढ़ावा दे सकती हैं और कोरल की मृत्यु का कारण बन सकती हैं।
भारत का कोरल संरक्षण प्रयास:
1. कानूनी सुरक्षा: पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के तहत Coastal Regulation Zone (CRZ) Notification, 1991 कोरल भित्तियों की रक्षा करता है, जिससे इनकी अनियंत्रित कटाई और प्रदूषण से सुरक्षा मिलती है।
2. समुदाय आधारित पहल: गुल्फ ऑफ मन्नार बायोस्फीयर रिज़र्व ट्रस्ट स्थानीय समुदायों को मछली पकड़ने के दबाव को कम करने में शामिल करता है, जिससे कोरल भित्तियों की जैव विविधता को बढ़ावा मिलता है।
3. पुनर्स्थापन प्रयास:
o कोरल रीफ रिकवरी प्रोजेक्ट (मिथापुर) और
o जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की पहल से गुल्फ ऑफ कच्छ में कोरल फिर से बसाए गए हैं।
o 10,000 साल से लुप्त स्टैगहॉर्न कोरल को फिर से समुद्र में पुनर्स्थापित किया गया है।
निष्कर्ष
यह चौथा वैश्विक कोरल ब्लीचिंग घटना जलवायु परिवर्तन के कारण हमारे महासागरों पर पड़ रहे गंभीर प्रभाव का एक मजबूत संकेत है। यदि समुद्री तापमान इसी गति से बढ़ता रहा, तो कोरल और उससे जुड़े समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र पर लगातार खतरा बना रहेगा। जलवायु परिवर्तन को नियंत्रित करने और कोरल रीफ्स की रक्षा करने के लिए वैश्विक स्तर पर तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है, अन्यथा हम धरती की सबसे अद्भुत और जैव विविधता से भरपूर पारिस्थितिकी प्रणालियों में से एक को खो सकते हैं।