होम > Daily-mcqs

Daily-mcqs 28 Dec 2021

यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में करेंट अफेयर्स MCQs क्विज़ : 29, दिसंबर 2021 28 Dec 2021

image
यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में करेंट अफेयर्स MCQs क्विज़ : 29, दिसंबर 2021


यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में डेली करेंट अफेयर्स MCQ क्विज़

(Daily Current Affairs MCQs Quiz for UPSC, IAS, UPPSC/UPPCS, MPPSC. BPSC, RPSC & All State PSC Exams)

तारीख (Date): 29, दिसंबर 2021


प्रश्न 1: ‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस’ के संबंध में निम्नलिखित में से कौन सा कथन असत्य है?

A. ए. ओ. ह्यूम ने इसकी स्थापना की थी।
B. 28 दिसंबर 1885 को मुंबई के गोकुलदास तेजपाल संस्कृत महाविद्यालय में कांग्रेस का प्रथम अधिवेशन हुआ था।
C. दादाभाई नैरोजी को कांग्रेस का पहला अध्यक्ष चुना गया था।
D. कई विद्वान कांग्रेस के गठन के पीछे सेफ्टी वाल्व का सिद्धांत देते हैं।

उत्तर: (C)

व्याख्या : 1857 की क्रांति का अंग्रेजों ने सफलतापूर्वक दमन जरुर कर दिया था, लेकिन तब तक देश में अंग्रेजों के खिलाफ माहौल बन चुका था। इस क्रांति ने भारतीय जन मानस के भीतर एक नई तरह की राजनीतिक चेतना जगा दी थी। इसके बाद ही भारतीयों के लिए राजनैतिक मामलों में मंच बनाने की भूमिका लिखी गयी, और इंडियन नेशनल कॉंग्रेस जैसी पार्टी अस्तित्व में आई। विकल्प C को छोड़कर प्रश्न में दिए गए सभी कथन सत्य हैं। दरअसल साल 1885 में 72 प्रतिनिधियों की मौजूदगी में व्योमेश चंद्र बनर्जी को कांग्रेस का पहला अध्यक्ष चुना गया था। आज यानी 28 दिसंबर को देश की ये सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी अपना 137वां स्थापना दिवस मना रही है।

प्रश्न 2: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संबंध में निम्नलिखित में कौन सा/से कथन सत्य है/हैं?

1. ये भारत का सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल है।
2. यह भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तहत काम करता है।
3. इसका प्रमुख काम पुलिस कार्रवाई में राज्य/संघ शासित प्रदेशों की सहायता करना और आतंकवाद पर लगाम लगाना है।

A. केवल 1 और 2
B. केवल 2 और 3
C. केवल 1 और 3
D. 1, 2 और 3

उत्तर: (D)

व्याख्या: 230 बटालियनों और तमाम अन्य प्रतिष्ठानों के साथ, सी॰आर॰पी॰एफ॰ भारत का सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल माना जाता है। यह भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तहत काम करता है। इसका प्रमुख काम पुलिस कार्रवाई में राज्य/संघ शासित प्रदेशों की सहायता करना, कानून-व्यवस्था बनाये रखने में मदद करना और आतंकवाद पर लगाम लगाना है। यह क्राउन प्रतिनिधि पुलिस के रूप में 27 जुलाई 1939 को अस्तित्व में आया था। आज़ादी के बाद, 28 दिसंबर 1949 को सीआरपीएफ अधिनियम के लागू होने पर इसका नाम केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल रख दिया गया। इसीलिए हर साल आज ही के दिन यानि 28 दिसंबर को केन्द्रीय आरक्षी पुलिस दिवस मनाया जाता है।

प्रश्न 3: भारतीय ‘राष्ट्रगान’ के संबंध में निम्नलिखित में कौन सा/से कथन सत्य हैं?

1. राष्ट्रगान के नियमों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।
2. ये हर नागरिक का मूल कर्तव्य है कि वो राष्ट्रगान का आदर करे।

A. केवल 1
B. केवल 2
C. 1 और 2 दोनों
D. इनमें से कोई नहीं

उत्तर: (C)

व्याख्या : रविंद्र नाथ टैगोर जी ने बंगाली भाषा में ‘जन गण मन’ को एक कविता के रूप में लिखा था। इसे सबसे पहली बार कल ही के दिन यानी 27 दिसंबर, 1911 को कलकत्ता में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वार्षिक सम्मेलन के दूसरे दिन गाया गया था। हमारे देश के राष्ट्रगान - ‘जन गण मन’ के हिन्दी संस्करण - को 24 जनवरी, 1950 को संविधान सभा द्वारा औपचारिक तौर पर अपनाया गया था। राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा-3 के मुताबिक राष्ट्रगान के नियमों का पालन न करने पर और इसका अपमान करने पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। अनुच्छेद 51A (a) के मुताबिक ये हर नागरिक का मूल कर्तव्य है कि वो राष्ट्र ध्वज और राष्ट्रगान का आदर करे।

प्रश्न 4: निम्नलिखित में से किसके द्वारा ‘सुशासन सूचकांक’ 2021 जारी किया गया है?

A. प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग
B. नीति आयोग
C. गृह मंत्रालय
D. सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय

उत्तर: (A)

व्याख्या: बीते 25 दिसंबर यानि ‘सुशासन दिवस’ के अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा ‘सुशासन सूचकांक’ 2021 जारी किया गया। बता दें कि यह सूचकांक ‘प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग’ द्वारा तैयार किया जाता है। इसमें राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में शासन की स्थिति और ऐसी सरकारों द्वारा लिए गए तमाम प्रशासनिक फैसलों के प्रभाव का आकलन किया जाता है। इस बार सुशासन सूचकांक 2021 के ढांचे में दस क्षेत्र और 58 संकेतक शामिल किए गए हैं। 10 क्षेत्रों को कवर करते हुए गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा ‘समग्र रैंकिंग’ में शीर्ष स्थान पर हैं, जबकि केंद्रशासित प्रदेशों की श्रेणी में दिल्ली ‘समग्र रैंकिंग’ में प्रथम स्थान पर है। उत्तर प्रदेश ने सभी क्षेत्रों के बीच ‘वाणिज्य एवं उद्योग’ में प्रथम स्थान हासिल किया है।

प्रश्न 5: ‘भारतीय सॉफ्टवेयर टेक्क्नॉलोजी पार्क’ के संबंध में निम्नलिखित में कौन सा/से कथन सत्य है/हैं?

1. ये वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संस्था है।
2. इसकी स्थापना 5 जून, 1991 को हुई थी।
3. इसका उद्देश्य भारत से सॉफ्टवेयर निर्यात को बढ़ावा देना और वृद्धि करना है।

A. केवल 1 और 2
B. केवल 2 और 3
C. केवल 1 और 3
D. 1, 2 और 3

उत्तर: (B)

व्याख्या: केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री राजीव चंद्रशेखर आज यानि 28 दिसंबर को मेरठ में एसटीपीआई के 62वें केंद्र, एसटीपीआई-मेरठ का उद्घाटन करेंगे। बता दें कि भारतीय सॉफ्टवेयर टेक्क्नॉलोजी पार्क या 'सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया' इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संस्था है। इसकी स्थापना 5 जून, 1991 को हुई थी। इसका उद्देश्य भारत से सॉफ्टवेयर निर्यात को बढ़ावा देना और वृद्धि करना है।


किसी भी प्रश्न के लिए हमसे संपर्क करें