होम > Daily-mcqs

Daily-mcqs 26 Dec 2021

यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में करेंट अफेयर्स MCQs क्विज़ : 27, दिसंबर 2021 26 Dec 2021

image
यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में करेंट अफेयर्स MCQs क्विज़ : 27, दिसंबर 2021


यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में डेली करेंट अफेयर्स MCQ क्विज़

(Daily Current Affairs MCQs Quiz for UPSC, IAS, UPPSC/UPPCS, MPPSC. BPSC, RPSC & All State PSC Exams)

तारीख (Date): 27, दिसंबर 2021


प्रश्न 1: ‘प्रलय’ मिसाइल के संबंध में निम्नलिखित में कौन सा/से कथन सत्य है/हैं?

1. ये स्वदेशी रूप से विकसित मिसाइल है।
2. ये एक लॉन्ग रेंज बैलिस्टिक मिसाइल है।
3. यह 500-1000 किलोग्राम का भार ले जाने में सक्षम है।

A. केवल 1 और 2
B. केवल 2 और 3
C. केवल 1 और 3
D. 1, 2 और 3

उत्तर: (C)

व्याख्या : हाल ही में, भारत ने कम रेंज वाली बैलिस्टिक मिसाइल ‘प्रलय’ का सफल परीक्षण किया। स्वदेशी रूप से विकसित इस मिसाइल को बीते 23 दिसंबर, 2021 को ओडिशा के तट पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से लांच किया गया। बता दें कि प्रलय मिसाइल को डीआरडीओ ने विकसित की है और ये ठोस-ईंधन वाला युद्धक मिसाइल भारतीय बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के ‘पृथ्वी रक्षा वाहन’ पर आधारित है। ये 150-500 किलोमीटर से कम दूरी की सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल है और यह 500-1000 किलोग्राम का भार ले जाने में सक्षम है। अभी मौजूदा वक़्त में भारतीय सेना के पास 500 किमी की दूरी वाले लक्ष्य पर हमला करने का एकमात्र साधन ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है जो काफी सटीक निशाना लगा सकता है। हालांकि ये 200 किलोग्राम या उससे अधिक का भार ले जा सकती है और ये काफी मंहगी प्रणाली भी है। इसीलिए सेना को प्रलय जैसी एक शॉर्ट रेंज बैलिस्टिक मिसाइल की ज़रूरत थी।

प्रश्न 2: 'मीनदुम मंजप्पई', जो वर्तमान में अभी चर्चा में है, क्या है?

A. कश्मीर में 40 दिनों की कठोर सर्दी वाले पीरियड का स्थानीय नाम
B. प्लास्टिक की जगह कपड़े की थैलियों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए तमिलनाडु सरकार द्वारा चलाया गया एक अभियान
C. स्कॉटलैंड में आयोजित बैलों की रेस वाला एक पारम्परिक खेल
D. नेपाली नव वर्ष

उत्तर: (B)

व्याख्या: हाल ही में तमिलनाडु सरकार ने प्लास्टिक की थैलियों की जगह कपड़े की थैलियों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए 'मीनदुम मंजप्पई' नामक एक अभियान शुरू किया है। इसके अलावा, अभी बिहार सरकार ने भी 1 जुलाई, 2022 से राज्य में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबन्ध लगा दिया। ग़ौरतलब है कि 12 अगस्त 2021 को भारत सरकार को नोटिफिकेशन जारी करते हुए एक जुलाई 2022 से एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। बता दें कि ये प्लास्टिक हजारों साल तक वातावरण में बने रहते है यानी नष्ट नहीं होते हैं। फेंके गए प्लास्टिक ज़मीन के अन्दर या नदी के जरिए समुद्र में बह जाते हैं जहाँ ये छोटे-छोटे कणों में टूटकर खतरनाक रसायनों में तब्दील हो जाते हैं। ये खतरनाक रसायन समुद्री जैव विविधता को नष्ट करने के साथ-साथ समुद्री जीवों की जनन क्षमता को भी बुरी तरह प्रभावित करते हैं। इसके अलावा, ये मृदा और वायु को भी बुरी तरह से प्रभावित करते हैं।

प्रश्न 3: ‘विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक’ के संबंध में निम्नलिखित में से कौन सा कथन असत्य है?

A. ये ‘रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स’ संगठन द्वारा हर दो साल पर प्रकाशित किया जाता है।
B. इसमें 180 देशों में मीडिया की स्वतंत्रता के स्तर का आकलन किया जाता है।
C. इस साल भारत का स्थान 180 देशों की सूची में 142वां है।
D. भारत को सूचकांक में निचले स्थान दिए जाने से केंद्र सरकार ने असहमति व्यक्त की है।

उत्तर: (A)

व्याख्या : ‘विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक’ को ‘रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स’ संगठन द्वारा हर साल प्रकाशित किया जाता है। इसमें 180 देशों में मीडिया की स्वतंत्रता के स्तर का आकलन किया जाता है। यह सूचकांक, मीडिया की स्वतंत्रता के निर्धारण के आधार पर तैयार किया जाता है, जिसमे मीडिया में बहुलवाद, मीडिया को प्राप्त आज़ादी, कानूनी तंत्र की गुणवत्ता और पत्रकारों की सुरक्षा जैसी बातों का आकलन किया जाता है। अभी हाल ही में इस संस्था ने कहा है कि प्रेस स्वतंत्रता के मामले में भारत का स्थान 180 देशों की सूची में 142वां है। भारत को सूचकांक में निचले स्थान दिए जाने से केंद्र सरकार ने असहमति व्यक्त की है। केंद्र सरकार ने कहा है कि यह रिपोर्ट एक छोटे आकार के सैंपल पर आधारित है और इसमें “लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों” को बहुत कम महत्व दिया गया है।

प्रश्न 4: निम्नलिखित में से किस राज्य ने समाज सुधार अभियान शुरू किया है?

A. उत्तर प्रदेश
B. मध्य प्रदेश
C. हरियाणा
D. बिहार

उत्तर: (D)

व्याख्या: हाल ही में, बिहार सरकार ने सामाजिक सुधारों के उद्द्येश्य से एक ‘समाज सुधार अभियान’ शुरू किया है। इसमें मुख्यमंत्री नितीश कुमार शराबबंदी के लाभों और समाज पर दहेज प्रथा और बाल विवाह के बुरे प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे।

प्रश्न 5: राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस कब मनाया जाता है?

A. 14 अक्टूबर को
B. 6 जनवरी को
C. 3 मार्च को
D. 24 दिसंबर को

उत्तर: (D)

व्याख्या: हर साल 24 दिसंबर को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस मनाया जाता है। दरअसल इसी दिन उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 1986 लागू किया गया था। इस अधिनियम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को दोषपूर्ण सामान, सेवाओं में कमी और अनुचित व्यापार के खिलाफ प्रभावी सुरक्षा उपाय प्रदान करना है। इस दिवस को मनाने का मक़सद उपभोक्ता आंदोलन के महत्व को उजागर करना और प्रत्येक उपभोक्ता के अधिकारों और जिम्मेदारियों के बारे में जागरूकता फैलाना है।


किसी भी प्रश्न के लिए हमसे संपर्क करें