होम > Daily-mcqs

Daily-mcqs 11 Feb 2022

यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में करेंट अफेयर्स MCQs क्विज़ : 12, फरवरी 2022 11 Feb 2022

image
यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में करेंट अफेयर्स MCQs क्विज़ : 12, फरवरी 2022


यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में डेली करेंट अफेयर्स MCQ क्विज़

(Daily Current Affairs MCQs Quiz for UPSC, IAS, UPPSC/UPPCS, MPPSC. BPSC, RPSC & All State PSC Exams)

तारीख (Date): 12, फरवरी 2022


प्रश्न 1. बायोमास के बारे में निम्नलिखित कथनों पर विचार करें :

1. बायोमास ऊर्जा का एक गैर-नवीकरणीय स्रोत है।
2. गैसीकरण एक ऐसी प्रक्रिया है जो कार्बनिक या जीवाश्म-आधारित कार्बनयुक्त पदार्थों को उच्च तापमान पर, बिना दहन के सिनगैस में परिवर्तित करती है।

ऊपर दिए गए कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

A) केवल 1
B) केवल 2
C) दोनों 1 और 2
D) इनमें से कोई नहीं

उत्तर: (B)

व्याख्या:

  • बायोमास ऊर्जा का एक नवीकरणीय स्रोत है क्योंकि इसे अधिक पेड़ और पौधे लगाकर नवीनीकृत किया जा सकता है। अत: पहला कथन असत्य है।
  • गैसीकरण एक ऐसी प्रक्रिया है जो कार्बनिक या जीवाश्म-आधारित कार्बनयुक्त पदार्थों को उच्च तापमान (700 डिग्री सेल्सियस से उच्च) पर, बिना दहन के सिनगैस में परिवर्तित करती है।

प्रश्न 2. वैश्विक न्यूनतम कॉर्पोरेट कर के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार करें :

1. यह डिजिटल अर्थव्यवस्था में कराधान की चुनौतियों का समाधान करने के लिए दो-आयाम वाली समाधान प्रणाली का आह्वान करता है।
2. पहला आयाम 15% की दर से वैश्विक न्यूनतम कॉर्पोरेट कर लगाता है।
3. समझौते का दूसरा आयाम उस आधार से संबंधित है जिसके द्वारा करों की वसूली की जानी है।

ऊपर दिए गए कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

a) केवल 1
b) केवल 1 और 2
c) केवल 3
d) केवल 2 और 3

उत्तर: (A)

व्याख्या: वैश्विक न्यूनतम कॉर्पोरेट कर समझौते के स्वीकृत प्रस्ताव में आईओसीडी द्वारा आधार क्षरण और लाभ स्थानांतरण पर 2015 की रिपोर्ट के आधार पर डिजिटल अर्थव्यवस्था में कराधान की चुनौतियों का समाधान करने के लिए दो-आयाम वाली समाधान प्रणाली प्रस्तुत करता है।

समझौते का पहला आयाम उस आधार से संबंधित है जिसके आधार पर करों की वसूली की जानी चाहिए। जबकि दूसरा आयाम पूरी दुनिया में 15 प्रतिशत की न्यूनतम कॉर्पोरेट कर दर लगाने का प्रयास करता है। इस प्रकार दूसरा और तीसरा कथन असत्य है।

प्रश्न 3. भारतीय खाद्य निगम (FCI) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिएः

1. एफसीआई राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, (एनएफएसए) 2013 के तहत स्थापित एक वैधानिक निकाय है।
2. एफसीआई द्वारा खरीदे गए खाद्यान्न की आर्थिक लागत एमएसपी से कम है।

उपरोक्त कथनो में कौन सा/से सत्य है/हैं ? नीचे दिए गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिए।

a) केवल 1
b) केवल 2
c) 1 और 2 दोनों
d) न तो 1 और न ही 2

उत्तर: (D)

व्याख्या:

  • भारतीय खाद्य निगम, भारत सरकार द्वारा निर्मित और संचालित एक वैधानिक निकाय है। यह भारत की संसद द्वारा खाद्य निगम अधिनियम, 1964 के अधिनियमन द्वारा गठित उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार के स्वामित्व के अंतर्गत कार्य करता है।
  • आर्थिक लागत से तात्पर्य एफसीआई की कुल लागत है। इसमें अधिग्रहण लागत और वितरण लागत शामिल है। अधिग्रहण लागत में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और खरीद आकस्मिक लागत शामिल है।

प्रश्न 4. केरल के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार करें :

1. केरल में भारत की उच्चतम साक्षरता दर है, लेकिन 28 राज्यों में प्रति व्यक्ति आय के मामले में नौवें स्थान पर है।
2. पब्लिक अफेयर्स इंडेक्स 2020 ने 50 संकेतकों के आधार पर केरल को सर्वश्रेष्ठ शासित बड़े राज्य के रूप में स्थान दिया।

नीचे दिए गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिए।

a. केवल 1
b. केवल 2
c. दोनों 1 और 2
d. न तो 1 और न ही 2

उत्तर: (C)

व्याख्या:

  • केरल में भारत की उच्चतम साक्षरता दर है, लेकिन 28 राज्यों में प्रति व्यक्ति आय में नौवें स्थान पर है। अत: पहला कथन सत्य है ।
  • पब्लिक अफेयर्स इंडेक्स 2020 ने 50 संकेतकों के आधार पर केरल को सर्वश्रेष्ठ शासित बड़े राज्य के रूप में स्थान दिया। इस प्रकार दूसरा कथन सत्य है ।

प्रश्न 5. हाल ही में चर्चा में रहा फ़ॉकलैंड द्वीपसमूह कहां स्थित है?

A. अटलांटिक महासागर
B. प्रशांत महासागर
C. आर्कटिक महासागर
D. अंटार्कटिक महासागर

उत्तर: (A)

व्याख्या: फ़ॉकलैंड द्वीप-समूह दक्षिण अटलांटिक महासागर में अर्जेन्टीना की तट से लगा एक द्वीपसमूह हैं। इसके पूर्व में शैग रॉक्स (दक्षिण जॉर्जिया) और दक्षिण में ब्रिटिश अंटार्कटिक क्षेत्र है। इस द्वीपसमूह में दो मुख्य द्वीप हैं, पूर्वी फ़ॉकलैंड और पश्चिमी फ़ॉकलैंड, इनके साथ ही 776 छोटे द्वीप हैं। पूर्वी फ़ॉकलैंड में स्थित स्टेनली फ़ॉकलैंड द्वीप-समूह की राजधानी है। वैसे तो इस द्वीप पर इसका खुद का शासन है, लेकिन इसके रक्षा और विदेश मामले ब्रिटेन द्वारा देखे जाते हैं यानी यह ब्रिटेन के अधिकार क्षेत्र में आता है। दरअसल फ़ॉकलैंड द्वीप-समूह के अधिकार क्षेत्र को लेकर काफी विवाद है। अर्जेंटीना इसे अपना क्षेत्र बताता है, जबकि ब्रिटेन इसे अपना बताता है। इसका एक लंबा इतिहास है जिसके बारे में हम किसी और कार्यक्रम में बात करेंगे। अभी मौजूदा वक्त में, अर्जेंटीना चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव में शामिल हो गया, जिसके बदले चीन ने अर्जेंटीना द्वारा फ़ॉकलैंड द्वीप-समूह पर किए जा रहे क्लेम का समर्थन किया। इस पर ब्रिटेन ने कड़ी आपत्ति जताई और फ़ॉकलैंड द्वीप-समूह को अपना क्षेत्र बताते हुए चीन को इसकी संप्रभुता का सम्मान करने के लिए कहा।

प्रश्न 6. हाल ही में भारतीय रेलवे द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन आहट’ का क्या उद्देश्य है?

A. यात्रा के दौरान गर्भवती महिलाओं अथवा छोटे बच्चों को आवश्यक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना
B. मानव तस्करी पर लगाम लगाना
C. सुनसान स्टेशनों पर ख़ास सुरक्षा व्यवस्था करना
D. यात्रा के दौरान छूटे सामानों का पता लगाकर संबंधित व्यक्ति को सौंपना

उत्तर: (B)

व्याख्या: हाल ही में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा एक ‘ऑपरेशन आहट’ की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य मानव तस्करी मुख्य रूप से महिलाओं और बच्चों की तस्करी को रोकना है। दरअसल अन्य तमाम माध्यमों के अलावा ट्रेनों के जरिए बड़े पैमाने पर मानव तस्करी को अंजाम दिया जा रहा है। इसी को रोकने के लिए आरपीएफ ने यह ऑपरेशन शुरू किया है। इसके तहत RPF लंबी दूरी की ट्रेनों में विशेष बल की तैनाती करेगा; साइबर सेल्स का निर्माण करेगा; सुराग जुटाएगा और उसका विश्लेषण करेगा। एकत्र किये गए सारी जानकारियों को अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ भी साझा किया जाएगा। ऑपरेशन में बॉर्डर एरियाज में संचालित ट्रेनों पर ज्यादा फोकस किया जाएगा जैसे कि म्यांँमार, नेपाल और बांग्लादेश आदि।

प्रश्न 7. एकात्म मानववाद का सिद्धांत निम्नलिखित में से किस व्यक्ति द्वारा दिया गया था?

A. भीमराव आम्बेडकर
B. स्वामी विवेकानन्द
C. नागार्जुन
D. पंडित दीन दयाल उपाध्याय

उत्तर: (D)

व्याख्या: पंडित दीन दयाल उपाध्याय का जन्म सितंबर, 1916 को मथुरा ज़िले के नगला चन्द्रभान गांव में हुआ था। ये एक दार्शनिक, समाजशास्त्री, अर्थशास्त्री एवं राजनीतिज्ञ थे। इनके द्वारा प्रस्तुत दर्शन को ‘एकात्म मानववाद’ कहा जाता है। ‘एकात्म मानववाद’ का उद्देश्य एक ऐसा ‘स्वदेशी सामाजिक-आर्थिक मॉडल’ प्रस्तुत करना था जिसमें विकास के केंद्र में मानव हो और समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति का भी समुचित विकास किया जा सके। साल 1968 में 10 और 11 फरवरी की रात रहस्यमय परिस्थितियों में इनका निधन हो गया। आज इनकी पुण्यतिथि है इसलिए इस प्रश्न को शामिल किया गया है।


किसी भी प्रश्न के लिए हमसे संपर्क करें