होम > Daily-mcqs

Daily-mcqs 10 Jan 2022

यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में करेंट अफेयर्स MCQs क्विज़ : 11, जनवरी 2022 10 Jan 2022

image
यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में करेंट अफेयर्स MCQs क्विज़ : 11, जनवरी 2022


यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में डेली करेंट अफेयर्स MCQ क्विज़

(Daily Current Affairs MCQs Quiz for UPSC, IAS, UPPSC/UPPCS, MPPSC. BPSC, RPSC & All State PSC Exams)

तारीख (Date): 11, जनवरी 2022


प्रश्न 1: निम्नलिखित में से किस विकल्प में सभी देश ‘सी ड्रैगन 22 अभ्यास’ में भाग लेने वाले सदस्य हैं?

A. भारत, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जापान और दक्षिण कोरिया
B. भारत, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जापान और दक्षिण अफ्रीका
C. भारत, ऑस्ट्रेलिया, ताजिकिस्तान, जापान और दक्षिण कोरिया
D. भारत, थाईलैंड, कनाडा, जापान और दक्षिण कोरिया

उत्तर: (A)

व्याख्या : हाल ही में भारत, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जापान और दक्षिण कोरिया की नौसेनाओं के बीच यूएस सी ड्रैगन 22 अभ्यास शुरू हुआ। ये अभ्यास प्रशांत महासागर में किया जा रहा है। बता दें कि सी ड्रैगन अमेरिका की अगुवाई में चल रहा एक बहु-राष्ट्रीय सैन्य अभ्यास है। इसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में पारंपरिक और गैर-पारंपरिक समुद्री सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए पनडुब्बी रोधी युद्ध रणनीति के अभ्यास के तौर पर संचालित किया जा रहा है। इसे सालाना तौर पर आयोजित किया जाता है। दरअसल चीन के साथ कुछ देशों के तनावपूर्ण संबंधों और हिंद महासागर क्षेत्र में चीन के बढ़ते दबदबे के मद्देनजर यह अभ्यास खास महत्व रखता है।

प्रश्न 2: निम्नलिखित में से किस राज्य को राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2020 की राज्य श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल हुआ है?

A. मध्य प्रदेश
B. उत्तर प्रदेश
C. आंध्र प्रदेश
D. उत्तराखंड

उत्तर: (B)

व्याख्या: हाल ही में जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राष्ट्रीय जल पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा की। तीसरे राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2020 की राज्य श्रेणी में उत्तर प्रदेश को पहला स्थान मिला है। राजस्थान दूसरे और तमिलनाडु तीसरे स्थान पर रहा। सर्वश्रेष्ठ राज्य, जिला, पंचायत और उद्योग सहित 11 श्रेणियों में 57 पुरस्कारों की घोषणा की गई। सरकार के जल समृद्ध भारत के दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए ये पुरस्कार शुरू किया गया है। इससे राज्यों, जिलों, व्यक्तियों और संगठनों द्वारा किए गए अनुकरणीय कार्यों और प्रयासों को मान्यता एवं प्रोत्साहन मिलेगा। बता दें कि भारत में विश्व की 18 प्रतिशत से अधिक आबादी रहती है, लेकिन देश में दुनिया के नवीकरणीय जल संसाधनों का केवल चार प्रतिशत ही मौजूद है।

प्रश्न 3: हाल ही में समाचार पत्रों में रहे ‘ब्रांड इंडिया अभियान’ के संबंध में निम्नलिखित में कौन सा/से कथन सत्य है/हैं?

1. ये अभियान भारत में होने वाले अत्यधिक आयात को हतोत्साहित करने के लिए शुरू किया जाएगा।
2. इसे ‘इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन’ द्वारा क्रियान्वित किया जाएगा।

A. केवल 1
B. केवल 2
C. 1 और 2 दोनों
D. इनमें से कोई नहीं

उत्तर: (B)

व्याख्या : नए बाज़ारों में सेवाओं और उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के मक़सद से जल्दी ही वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा एक ‘ब्रांड इंडिया अभियान’ शुरू किया जाएगा। ये अभियान भारत द्वारा निर्यातित वस्तुओं और सेवाओं को बढ़ावा देने के लिये एक ‘अम्ब्रेला अभियान’ के रूप में काम करेगा। इसे ‘इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन’ द्वारा क्रियान्वित किया जाएगा। बता दें कि ‘इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन’ वाणिज्य विभाग द्वारा स्थापित एक ट्रस्ट है। इसका मुख्य उद्देश्य विदेशी बाज़ारों में 'मेड इन इंडिया' लेबल को प्रचारित करना है। ये भारतीय उत्पादों एवं सेवाओं के ज्ञान के प्रसार को सुविधाजनक बनाने का भी काम करता है।

प्रश्न 4: राज्य में प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान यह संबंधित राज्य की जिम्मेदारी है कि वह प्रधानमंत्री की सुरक्षा में आवश्यक सहयोग करे। यह प्रावधान निम्नलिखित में से किस कानून में है?

A. एसपीजी एक्ट की धारा 14
B. एसपीजी एक्ट की धारा 15
C. एसपीजी एक्ट की धारा 16
D. एसपीजी एक्ट की धारा 17

उत्तर: (A)

व्याख्या: हाल ही में पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक का एक मामला प्रकाश में आया है। बता दें कि एसपीजी एक्ट की धारा 14 के तहत पीएम के कार्यक्रम के दौरान एसपीजी के द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करवाने के लिए राज्य सरकार बाध्य है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा का जिम्मा स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) के ऊपर है। एसपीजी एक्ट की धारा 4 के सब सेक्शन 2 के मुताबिक एसपीजी की सुरक्षा प्रधानमंत्री और उनके परिवार को दी जाती है।

प्रश्न 5: भारतीय इतिहास के संदर्भ में ‘ईस्ट इंडिया कंपनी’ के संबंध में निम्नलिखित में कौन सा/से कथन सत्य है/हैं?

1. इसकी स्थापना सन 1600 में 31 दिसंबर को हुई थी।
2. साल 1858 में भारतीय सत्ता की लगाम कंपनी से ब्रिटिश क्राउन को हस्तांतरित हो गई थी।

A. केवल 1
B. केवल 2
C. 1 और 2 दोनों
D. इनमें से कोई नहीं

उत्तर: (C)

व्याख्या: एक समय दुनिया की सबसे ताकतवर कंपनी माने जाने वाली ईस्ट इंडिया कंपनी की स्थापना सन 1600 में 31 दिसंबर के दिन हुई थी यानी बीते 31 दिसंबर को इसका स्थापना दिवस था। उस समय ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ प्रथम ने ईस्ट इंडिया कंपनी को एशिया में कारोबार करने की खुली छूट दी थी, लेकिन बाद में ऐसा हुआ कि यह कंपनी खुद ही सरकार की तरह काम करने लगी। कहते हैं कि भारत में इस कंपनी के पास ढाई लाख से भी ज्यादा लोगों की फौज थी, जिसके दम पर उसने सालों तक भारत पर राज किया। साल 1857 में भारत में प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के बाद ईस्ट इंडिया कंपनी का बुरा दौर शुरू हो गया। भारत की सत्ता कंपनी के हाथ से ब्रिटिश क्राउन के हाथ ट्रांसफर हो गई। जैसे-तैसे करके कंपनी कुछ दिन और चली, लेकिन 1874 में ब्रिटिश सरकार ने इस कंपनी को पूरी तरह से बंद कर दिया।


किसी भी प्रश्न के लिए हमसे संपर्क करें