होम > Daily-mcqs

Daily-mcqs 09 Dec 2021

यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में करेंट अफेयर्स MCQs क्विज़ : 10, दिसंबर 2021 09 Dec 2021

image
यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में करेंट अफेयर्स MCQs क्विज़ : 10, दिसंबर 2021


यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में डेली करेंट अफेयर्स MCQ क्विज़

(Daily Current Affairs MCQs Quiz for UPSC, IAS, UPPSC/UPPCS, MPPSC. BPSC, RPSC & All State PSC Exams)

तारीख (Date): 10, दिसंबर 2021


प्रश्न 1: रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति के संबंध में निम्नलिखित में कौन सा/से कथन सत्य है/हैं?

1. यह एक छह सदस्यीय समिति होती है।
2. इसका गठन RBI द्वारा किया जाता है।
3. इसका गठन उर्जित पटेल कमिटी की सिफारिश के आधार किया गया था।

A. केवल 1 और 2
B. केवल 2 और 3
C. केवल 1 और 3
D. 1, 2 और 3

उत्तर: (C)

व्याख्या : 8 दिसंबर को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा की और इससे जुड़े महत्वपूर्ण ऐलान किए। बता दें कि जिस नीति के अनुसार किसी देश का मुद्रा प्राधिकारी मुद्रा की आपूर्ति का नियमन करता है उसे मौद्रिक नीति कहते हैं। भारत में यह काम भारतीय रिजर्व बैंक करती है। RBI की मौद्रिक नीति समिति हर दूसरे महीने मौद्रिक नीति की समीक्षा करती है। मौद्रिक नीति समिति एक छह सदस्यीय समिति होती है जिसका गठन केंद्र सरकार द्वारा किया जाता है। इस तरह के समिति के गठन का फैसला उर्जित पटेल कमिटी की सिफारिश के आधार किया गया था। इसमें तीन सदस्य आरबीआई से होते हैं और तीन अन्य स्वतंत्र सदस्य भारत सरकार द्वारा नियुक्त किए जाते हैं। समिति की अध्यक्षता आरबीआई गवर्नर करता है। मौद्रिक नीति का मक़सद महंगाई पर अंकुश लगाना और कीमतों में स्थिरता बनाए रखना है। इसके अलावा रोजगार के अवसर तैयार करना और टिकाऊ आर्थिक विकास दर का लक्ष्य हासिल करना भी इसके लक्ष्यों में शामिल है।

प्रश्न 2: ब्लैक बॉक्स जो कि विमान से जुड़ा एक यंत्र होता है और हाल ही में चर्चा में है। इस संबंध में निम्नलिखित में से क्या ब्लैक बॉक्स का काम नहीं है?

1. फ्लाइट डेटा को रिकॉर्ड करना
2. कॉकपिट वॉइस को रिकॉर्ड करना
3. विमान में चढ़ने से पहले यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच करना
4. उड़ान से पहले संभावित रास्ते के मौसम की जानकारी देना

A. केवल 3 और 4
B. केवल 1 और 2
C. केवल 2 और 3
D. 1, 2, 3 और 4

उत्तर: (A)

व्याख्या: 8 दिसंबर को क्रैश हुए वायुसेना के M17 हेलीकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स आज मिल गया। इसके बाद अब इस यंत्र की मदद से जल्दी ही क्रैश की वजह पता लगने की संभावना है। दरअसल साल 1953-54 में विमान हादसों की बढ़ती तादाद को देखते हुए विमान बनाने वाली कंपनियों को फ्लाइट में एक ऐसी मशीन लगाने की ज़रूरत समझ में आई जिससे हादसों के सही वजह का पता लगाया जा सके और इन तज़ुर्बों से सीखते हुए भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके। इस तरह, ब्लैक बॉक्स का खोज हुआ। ये मशीन एक फ्लाइट रिकार्डर की तरह काम करती है। जिसमें विमान की पल-पल की जानकारी दर्ज़ होती है। यानी ये किसी भी फ्लाइट में उड़ान के दौरान होने वाली सभी गतिविधियों को बारीकी से रेकॉर्ड करने वाली मशीन है। इसे हवाई जहाज़ के पिछले हिस्से में फिट किया जाता है। इसके दो प्रमुख काम होते हैं पहला बतौर फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और दूसरा कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर के रूप में।

प्रश्न 3: हाल ही में 'शी इज ए चेंजमेकर' चर्चा में था। यह क्या है?

A. सेना में महिलाओं को समान अवसर दिलाने के लिए एक आंदोलन
B. राजस्थान सरकार द्वारा बाल विवाह रोकने के लिए चलाया गया एक कार्यक्रम
C. महिला कल्याण के लिए काम कर रही एक अंतरराष्ट्रीय NGO
D. महिलाओं में नेतृत्व कौशल विकसित करने के लिए एक पहल

उत्तर: (D)

व्याख्या : हाल ही में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने ग्राम पंचायतों से लेकर संसद सदस्यों और राष्ट्रीय/राज्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं समेत सभी स्तरों पर महिला प्रतिनिधियों के लिए एक अखिल भारतीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम 'शी इज ए चेंजमेकर' शुरू किया है। इसका उद्देश्य जमीनी स्तर की महिला राजनीतिक नेताओं के नेतृत्व कौशल में सुधार और क्षमता निर्माण करना है।

प्रश्न 4: निम्नलिखित में से ‘हॉर्नबिल महोत्सव’ कहां मनाया जाता है?

A. मेघालय
B. नागालैंड
C. असम
D. त्रिपुरा

उत्तर: (B)

व्याख्या: हाल ही में, नागालैंड सरकार ने वहां चल रहे हॉर्नबिल महोत्सव को रद्द करने का फैसला किया है। ये फैसला सुरक्षा बलों द्वारा 14 नागरिकों की हत्या के विरोध में लिया गया है। बता दें कि हॉर्नबिल महोत्सव की शुरुआत 1 दिसंबर 1963 को हुई थी। यह नागालैंड की स्थानीय योद्धा जनजातियों का सबसे बड़ा त्यौहार है और आमतौर पर हर साल 1 – 10 दिसंबर के बीच 10 दिनों तक मनाया जाता है। इसे नागा विरासत और परंपराओं की समृद्धि को पुनर्जीवित करने, संरक्षित करने, बनाए रखने और बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। त्यौहार में नागाओं द्वारा प्रशंसित और श्रद्धेय पक्षी हॉर्नबिल को श्रद्धांजलि दी जाती है।

प्रश्न 5: ‘इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल असिस्टेंस’ क्या है?

A. एक अंतर-सरकारी संगठन
B. एक अंतरराष्ट्रीय गैर सरकारी संगठन
C. दुनिया भर के निर्वाचन आयुक्तों के प्रशिक्षण के लिए एक संस्थान
D. विश्व की विभिन्न राष्ट्रीय संसदों का एक अंतर्राष्ट्रीय संघ

उत्तर: (A)

व्याख्या: हाल ही में, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा को ‘इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल असिस्टेंस’ में सलाहकार बोर्ड में शामिल होने का न्यौता मिला है। बता दें कि ‘इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल असिस्टेंस’ की स्थापना साल 1995 में स्वीडन हुई थी। ये एक अंतर-सरकारी संगठन है और दुनिया भर में स्थायी लोकतंत्र को बढ़ावा देने के लिए काम करती है।


किसी भी प्रश्न के लिए हमसे संपर्क करें