होम > Daily-mcqs

Daily-mcqs 06 Dec 2021

यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में डेली करेंट अफेयर्स MCQ क्विज़ (Daily Hindi Current Affair MCQ Quiz for UPSC/State PSC Exams) : 07, दिसंबर 2021 06 Dec 2021

image
यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में डेली करेंट अफेयर्स MCQ क्विज़ (Daily Hindi Current Affair MCQ Quiz for UPSC/State PSC Exams) : 07, दिसंबर 2021


यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में डेली करेंट अफेयर्स MCQ क्विज़

(Daily Current Affairs MCQ Quiz for UPSC, IAS, UPPSC/UPPCS, MPPSC. BPSC, RPSC & All State PSC Exams)

तारीख (Date): 07, दिसंबर 2021


प्रश्न 1: केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल ‘असम राइफल्स’ के संबंध में निम्नलिखित में कौन सा कथन असत्य है?

A. यह केंद्र सरकार के नियंत्रण वाली 6 सशस्त्र पुलिस बलों में से एक है।
B. इसका प्रशासनिक एवं संचालन नियंत्रण केंद्रीय गृहमंत्रालय के अधीन है।
C. 46 बटालियन वाले इस बल में लगभग 63 हजार कर्मियों की संख्या स्वीकृत है।
D. इसे देश के पूर्वोत्तर इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का काम सौंपा गया है।

उत्तर: (B)

व्याख्या : असम राइफल्स गृह मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण वाली छह केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में से एक बल है। असम राइफल्स के अलावा गृह मंत्रालय के नियंत्रण में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सीमा सुरक्षा बल (BSF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) कार्यरत हैं। असम राइफल्स को देश के पूर्वोत्तर इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का काम सौंपा गया है और साथ ही यह भारत-म्यांमार सीमा की सुरक्षा भी करता है। यह अपना काम भारतीय सेना के साथ सहयोग के रूप में करता है। 46 बटालियन वाले इस बल में लगभग 63000 कर्मियों की संख्या स्वीकृत है। असम राइफल्स एकमात्र ऐसा केंद्रीय सशस्त्र बल है जिसका प्रशासनिक नियंत्रण तो गृह मंत्रालय के पास है, लेकिन इसका संचालन संबंधी नियंत्रण भारतीय सेना के पास है। हाल ही में नागालैंड में असम राइफल द्वारा चलाए जा रहे एक ऑपरेशन में 11 नागरिकों की मौत होने की बात सामने आई है। इससे यह सुरक्षा बल चर्चा में आ गया है। हालांकि मामले की जांच अभी जारी है और पूरी पिक्चर स्पष्ट होनी बाकी है।

प्रश्न 2: भारत के स्वाधीनता संघर्ष के संदर्भ में ‘पाइका’ क्या था?

A. ओडिशा के परंपरागत योद्धा
B. कर्नाटक में लेखकों का एक संगठन
C. असम में शराबबंदी को लेकर महिलाओं द्वारा चलाया गया एक आंदोलन
D. ब्रिटिश सरकार द्वारा तीर्थ यात्रा पर लगाया एक कर

उत्तर: (A)

व्याख्या: पाइका का शाब्दिक अर्थ होता है ‘पैदल सैनिक’। ये ओडिशा के ‘पारंपरिक योद्धा’ थे जो शांति काल में तो खेती करते थे, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर ओडिशा के राजा को ‘सैन्य सेवा’ प्रदान करते थे। इसके बदले राजा उन्हें ‘लगान मुक्त भूमि’ (निश-कर जागीर) देते थे। ‘पाइका विद्रोह’ भारत में ‘ब्रिटिश शासन’ के खिलाफ एक ‘सशस्त्र संघर्ष’ था जोकि साल 1817 में ओडिशा में हुआ था। कमोबेश इसका असर लगभग साल 1825 तक रहा। दरअसल 19वीं शताब्दी के शुरुआत में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने ओडिशा के ज्यादातर इलाकों पर नियंत्रण कर लिया। इससे राजा और पाइका योद्धा दोनों असंतुष्ट हो गए। ऐसे में, पाइकाओं ने ‘बख्शी जगबंधु’ की अगुवाई में हथियार उठा लिया और संघर्ष शुरू कर दिया। इस विद्रोह को अंग्रेजो के खिलाफ हुए प्रसिद्ध संघर्षों में गिना जाता है। हाल ही में केंद्र सरकार ने राज्यसभा में बताया कि पाइका विद्रोह को प्रथम स्वतंत्रता संग्राम नहीं कहा जा सकता। हालांकि इस विद्रोह को NCERT की आठवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में ‘केस स्टडी’ के रूप में शामिल किये जाने का फैसला लिया गया है। अभी मौजूदा वक्त में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम को भारत का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम माना जाता है।

प्रश्न 3: हाल ही में 'Kyhytysuka sachicarum' चर्चा में था। यह क्या है?

A. एक नया समुद्री सरीसृप
B. एक अर्द्ध-उपग्रह (Quasi-satellite)
C. मोर की एक नई प्रजाति
D. इक्वाडोर के संसद का नाम

उत्तर: (A)

व्याख्या : हाल ही में, शोधकर्ताओं की एक अंतरराष्ट्रीय टीम ने एक नए समुद्री सरीसृप की खोज की है। एक मीटर लम्बे कपाल वाले इस जीव के नमूने का नाम Kyhytysuka Sachicarum रखा गया है। ये जीवाश्म अंतिम जीवित ichthyosaurs जीवों में से एक है। बता दें कि ichthyosaurs ऐसे प्राचीन जानवर थे जो आज के जीवित स्वोर्डफ़िश (तलवार की तरह दिखने वाली मछली) की तरह दिखते थे।

प्रश्न 4: नीचे दो कथनों - एक कथन (A) और एक कारण (R) - को पढ़कर सही उत्तर का चयन करें।

कथन (A): संसद के दोनों सदनों में निर्वाचित सदस्यों को सरकार से प्रश्न पूछने का अधिकार प्राप्त है।
कारण (R): अनुच्छेद 60 के मुताबिक, मंत्री परिषद सामूहिक रूप से लोक सभा के प्रति उत्तरदायी होती है।

A. कथन (A) और कारण (R) दोनों सत्य हैं और R, A की सही व्याख्या है।
B. कथन (A) और कारण (R) दोनों सत्य हैं, लेकिन R, A की सही व्याख्या नहीं है।
C. कथन (A) सत्य है, लेकिन कारण (R) असत्य है।
D. कथन (A) असत्य है, लेकिन कारण (R) सत्य है।

उत्तर: (C)

व्याख्या: मौजूदा वक्त में विपक्ष का ये आरोप है कि सरकार जानबूझकर सदन में अधिकांश प्रश्नों का जवाब देने से बच रही है। बता दें कि अनुच्छेद 75(3) के मुताबिक, मंत्री परिषद सामूहिक रूप से लोक सभा के प्रति उत्तरदायी होती है। इसलिए संसद के दोनों सदनों में निर्वाचित सदस्यों को यह अधिकार होता है कि वे सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से प्रश्न पूछ सकते हैं। अब चूँकि इतने ढेर सारे सांसद हैं, ऐसे में संभव है कि कुछ प्रश्नों का दुहराव हो; कुछ प्रश्न ऐसे हों जिन पर जानकारी पहले ही दी जा चुकी है; कुछ प्रश्न अपने भाव को लेकर अस्पष्ट हो सकते हैं; और कुछ प्रश्न राष्ट्रीय सुरक्षा या इस तरह के दूसरे पहलुओं के मद्देनजर संवेदनशील हो सकते हैं। इसी समस्या से निपटने के लिए राज्यसभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन विषयक नियम में नियम संख्या 47-50 तक में कुछ ऐसे नियम बनाए गए जिसके आधार पर यह तय किया जा सके कि किस प्रश्न को उत्तर देने के लिए स्वीकार किया जाना चाहिए और किस प्रश्न को नहीं। लोकसभा में यह व्यवस्था लोक सभा के प्रक्रिया और कार्य-संचालन नियम के मुताबिक चलती है। इसके नियम संख्या 41-44 तक में किसी भी प्रश्न को स्वीकार किए जाने के मानकों को बताया गया है।

प्रश्न 5: ‘अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस’ कब मनाया जाता है?

A. 1 दिसंबर को
B. 22 अक्टूबर को
C. 19 नवंबर को
D. 3 दिसंबर को

उत्तर: (D)

व्याख्या: हर साल 3 दिसंबर को ‘अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस’ मनाया जाता है। यह दिवस दिव्यांग लोगों के अधिकारों और कल्याण को बढ़ावा देने और इस सम्बन्ध में जागरूकता बढ़ाने पर ज़ोर देता है। इसकी शुरुआत साल 1992 में ‘संयुक्त राष्ट्र महासभा’ के प्रस्ताव 47/3 द्वारा की गई थी। इस साल (2021) इसकी थीम 'एक समावेशी, सुलभ और सतत् पोस्ट-कोविड विश्व की ओर दिव्यांग व्यक्तियों का नेतृत्व और भागीदारी' है।


किसी भी प्रश्न के लिए हमसे संपर्क करें