होम > Daily-mcqs

Daily-mcqs 05 Jan 2022

यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में करेंट अफेयर्स MCQs क्विज़ : 06, जनवरी 2022 05 Jan 2022

image
यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में करेंट अफेयर्स MCQs क्विज़ : 06, जनवरी 2022


यूपीएससी और सभी राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं के लिए हिंदी में डेली करेंट अफेयर्स MCQ क्विज़

(Daily Current Affairs MCQs Quiz for UPSC, IAS, UPPSC/UPPCS, MPPSC. BPSC, RPSC & All State PSC Exams)

तारीख (Date): 06, जनवरी 2022


प्रश्न 1: ‘अनुच्छेद 47’ के संबंध में निम्नलिखित में से कौन सा कथन असत्य है?

A. इसका ज़िक्र संविधान के भाग 4 में किया गया है।
B. यह संविधान के नीति निदेशक सिद्धांतों के तहत आता है।
C. इसके मुताबिक, सरकार का यह कर्तव्य है कि वह सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए काम करे।
D. यहीं से किसी भी राज्य सरकार को यह अधिकार मिलता है कि वो गौ हत्या पर प्रतिबंध लगा सकती है।

उत्तर: (D)

व्याख्या : हाल ही में, बिहार सरकार ने सामाजिक सुधारों के उद्द्येश्य से एक ‘समाज सुधार अभियान’ शुरू किया है। इसमें मुख्यमंत्री नितीश कुमार शराबबंदी के लाभों और समाज पर दहेज प्रथा और बाल विवाह के बुरे प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक कर रहे हैं। बता दें कि बिहार में साल 2016 से ही शराब पर प्रतिबंध लगा हुआ है। दरअसल संविधान के भाग 4 में नीति निर्देशक सिद्धांतों का वर्णन किया गया है। इसकी अवधारणा आयरिश संविधान से आई है। नीति निर्देशक सिद्धांतों के तहत ही अनुच्छेद 47 का जिक्र किया गया है। इसके मुताबिक, सरकार का यह कर्तव्य है कि वह लोगों के पोषण स्तर और जीवन स्तर को ऊपर उठाने और सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए काम करे। यहीं से किसी भी राज्य सरकार को यह अधिकार मिलता है कि वो मादक पदार्थों, स्वास्थ्य के लिए हानिकारक ओषधियों, औषधीय प्रयोजनों से भिन्न, उपभोग पर रोक लगा सकती है।

प्रश्न 2: वित्तीय स्थिरता एवं विकास परिषद के संबंध में निम्नलिखित में कौन सा/से कथन सत्य है/हैं?

1. इसे ऊर्जित पटेल समिति की सिफारिशों के आधार पर गठित किया गया था।
2. परिषद की अध्यक्षता वित्त मंत्री द्वारा की जाती है।

A. केवल 1
B. केवल 2
C. 1 और 2 दोनों
D. इनमें से कोई नहीं

उत्तर: (B)

व्याख्या: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 29 दिसंबर, 2021 को अपनी वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट जारी की। बता दें कि RBI द्वारा हर 6 महीने पर वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट का प्रकाशन किया जाता है। इसमें वित्तीय क्षेत्र के विकास और विनियमन से जुड़े समसामयिक मुद्दों के बारे में वित्तीय स्थिरता के जोखिमों और वित्तीय प्रणाली के लचीलेपन का मूल्यांकन किया जाता है। ये मूल्यांकन वित्तीय स्थिरता एवं विकास परिषद यानी FSDC की उप-समिति द्वारा किया जाता है। वित्तीय स्थिरता और विकास परिषद के बारे में आपको बताएं तो इसे रघुराम राजन समिति की सिफारिशों के आधार पर गठित किया गया था। इसका गठन भारत सरकार द्वारा 30 दिसंबर, 2010 को किया गया था। परिषद की अध्यक्षता वित्त मंत्री द्वारा की जाती है। इस परिषद के सदस्यों में भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर, वित्त सचिव और आर्थिक कार्य विभाग के सचिव, वित्त मंत्रालय के मुख्य आर्थिक सलाहकार, सेबी के अध्यक्ष और बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष शामिल होते हैं।

प्रश्न 3: 19वीं सदी की समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले के संबंध में निम्नलिखित में कौन सा/से कथन सत्य है/हैं?

1. उन्होंने साल 1848 में महाराष्ट्र के पुणे में देश के सबसे पहले बालिका स्कूल की स्थापना की थी।
2. विधवा महिलाओं को सहारा देने के लिए इन्होंने पुणे में महिला सेवा मंडल की भी स्थापना की।
3. अपने पति के साथ मिलकर इन्होंने सत्यशोधक समाज नामक एक संगठन की स्थापना की।

A. केवल 1 और 2
B. केवल 2 और 3
C. केवल 1 और 3
D. 1, 2 और 3

उत्तर: (D)

व्याख्या : सावित्रीबाई फुले का जन्म 3 जनवरी 1831 को महाराष्ट्र में हुआ था यानि बीते 3 जनवरी को इनकी जयन्ती थी। 19वीं सदी में महिलाओं की स्थिति बड़ी ही दयनीय थी। उस वक़्त सावित्रीबाई ने समाज सुधारक बनकर महिलाओं को सामाजिक शोषण से मुक्त कराने और उनके समान शिक्षा व अवसरों के लिए पुरजोर कोशिश की। साल 1848 में महाराष्ट्र के पुणे में देश के सबसे पहले बालिका स्कूल की स्थापना सावित्रीबाई फुले ने ही की थी। उन्होंने अपने पति के साथ मिलकर लड़कियों के लिए 18 स्कूल खोले। गौरतलब है कि सावित्रीबाई फुले को प्रथम शिक्षिका होने का भी श्रेय जाता है। बिना पुरोहितों के शादी को बढ़ावा देने और दहेज प्रथा को हतोत्साहित करने के साथ अंतर्जातीय विवाह करवाने के लिए उन्होंने अपने पति के साथ मिलकर सत्यशोधक समाज नामक एक संगठन की स्थापना की। विधवा महिलाओं को सहारा देने के लिए उन्होंने पुणे में महिला सेवा मंडल की भी स्थापना की।

प्रश्न 4: निम्नलिखित पर विचार कीजिए.

1. विषु
2. पुथुरूषम
3. उगादी

उक्त सभी क्या हैं?

A. नववर्ष से जुड़े दक्षिण भारतीय त्योहार
B. संगम साहित्य के प्रमुख लेखक तोलकाप्पियर द्वारा लिखे गए कुछ महाकाव्य
C. संगम साहित्य ‘शिलप्पादिकारम्’ के प्रमुख पात्र
D. प्राचीन दक्षिण भारत में आयोजित तीन साहित्य संगमों का नाम

उत्तर: (A)

व्याख्या: हाल ही में हम सभी ने बड़े ही उत्साह से नववर्ष का त्यौहार मनाया। दरअसल प्रश्न में दिए गए यह तीनों शब्द दक्षिण भारत में मनाए जाने वाले नव वर्ष से जुड़े त्योहारों के नाम हैं। विषु केरलवासियों के लिए नववर्ष का पहला दिन होता है। यह मलयालम महीने मेष की पहली तिथि को मनाया जाता है। दूसरा है पुथांडु … इसे पुथुरूषम भी कहा जाता है। यह तमिल नव वर्ष के रूप में मनाया जाता है। तीसरा है उगादी …. यह दक्षिण भारत का एक प्रमुख त्यौहार है जिसे समवत्सरदी युगादी के नाम से भी जाना जाता है। यह कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना जैसे राज्यों में नववर्ष के रुप में मनाया जाता है। ज़्यादातर भारतीय नववर्षों की शुरुआत मार्च और अप्रैल के महीने में होती है।

प्रश्न 5: नीलगाय जानवर के संबंध में निम्नलिखित में कौन सा/से कथन सत्य हैं?

1. नीलगाय सबसे बड़ा एशियाई मृग है।
2. इसकी आईयूसीएन स्थिति कम चिंताजनक (Least Concerned) की श्रेणी में है।

A. केवल 1
B. केवल 2
C. 1 और 2 दोनों
D. इनमें से कोई नहीं

उत्तर: (C)

व्याख्या: हाल ही में बिहार सरकार ने घोषणा की है कि वह अब नीलगाय को नहीं मरवाएगी। इसके बजाय, राज्य में इनकी आबादी को नियंत्रित करने के लिए सरकार इनकी नसबंदी करवाएगी। नीलगाय को स्थानीय भाषा में घुरपरा के नाम से भी जाना जाता है। बता दें कि नीलगाय सबसे बड़ा एशियाई मृग है और यह पूरे उत्तरी भारतीय उपमहाद्वीप में पाया जाता है। यह बोसलाफस प्रजाति का एकमात्र सदस्य जानवर है और इसे बोविड परिवार की श्रेणी में रखा गया है। यह भारतीय उपमहाद्वीप की मूल प्रजाति है। इसकी आईयूसीएन स्थिति कम चिंताजनक (Least Concerned) की श्रेणी में है।


किसी भी प्रश्न के लिए हमसे संपर्क करें